नारनौल में पुलिस का सघन सर्च अभियान
संवेदनशील इलाकों में तलाशी, बाहरी लोगों के पहचान पत्रों की गहन जांच
नारनाैल, 25 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार को व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में डॉग स्क्वायड की टीम को भी शामिल किया गया, जिससे तलाशी प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के संवेदनशील इलाकों में सतर्कता का माहौल देखने को मिला।
अभियान के दौरान प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की मदद से पुलिस टीमों ने झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं, विस्फोटक सामग्री और नशीले पदार्थों की तलाश की गई। पुलिस ने शहर के विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में पहुंचकर वहां रह रहे बाहरी श्रमिकों और अन्य लोगों से विस्तृत जानकारी जुटाई। तलाशी के दौरान लोगों के पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। जिन व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, उनसे पूछताछ भी की गई, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक या अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से रह रहे लोगों और बाहर से आए श्रमिकों का रिकॉर्ड नियमित रूप से जांचा जाए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि यह अभियान डॉग स्क्वायड के सहयोग से सफलतापूर्वक चलाया गया। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे सर्च अभियान भविष्य में भी समय-समय पर जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला