नारनाैल में खाद वितरण के दौरान पैक्स प्रबंधक से मारपीट,नकदी छीनने का प्रयास
नारनाैल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के खटोटी कलां गांव में खाद वितरण के दौरान पैक्स प्रबंधक के साथ मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पैक्स प्रबंधक सुरेंद्र ने कुछ लोगों पर उनके साथ हाथापाई करने और कैश छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना में घायल सुरेंद्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पैक्स प्रबंधक सुरेंद्र ने शुक्रवार को बताया कि वह बीते दिन सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार खटोटी कलां गांव में किसानों को खाद वितरित कर रहे थे। इसी दौरान कर्मबीर नामक व्यक्ति कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि कर्मबीर और उसके साथ आए लोगों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद उनके साथ हाथापाई की गई और पास में रखा कैश छीनने का प्रयास किया गया।
सुरेंद्र के अनुसार आरोपी कैश छीनने में सफल नहीं हो सके और घटना के बाद मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि वह झांझड़िया गांव के रहने वाले हैं और खटोटी कलां स्थित पैक्स में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के दौरान उन्हें चोटें आईं। उपचार के दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद सुरेंद्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि पैक्स प्रबंधक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में आरोपों की पुष्टि करने के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला