महेंद्रगढ़-दिल्ली नई बस सेवा शुरू, यात्रियों को राहत
विधायक कंवर सिंह यादव ने दिखाई हरी झंडी, वाया झज्जर रोजाना चलेगी बस
नारनाैल, 10 अप्रैल (हि.स.)। महेंद्रगढ़ से दिल्ली के लिए हरियाणा रोडवेज की नई बस सेवा को महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस वाया झज्जर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, जिससे दैनिक यात्रियों, खासकर नौकरीपेशा लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर रोडवेज के महाप्रबंधक (जीएम) देवदत्त, विभागीय कर्मचारी और समाजसेवी रामनिवास पाटोदा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि इस रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। सरकार का उद्देश्य आम जनता को बेहतर और सुलभ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में महेंद्रगढ़ से आगरा, मथुरा, दिल्ली और पिलानी जैसे लंबे रूटों पर भी धीरे-धीरे बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। खासतौर पर छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
रोडवेज जीएम देवदत्त ने बस के समय और रूट की जानकारी देते हुए बताया कि नारनौल डिपो की यह बस सुबह सात बजे महेंद्रगढ़ से रवाना होगी और कनीना, नाहड़, कोसली, धारौली, सुबाना, बहादुरगढ़ और पीरागढ़ी होते हुए सुबह 11 बजे कश्मीरी गेट दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह बस दोपहर 12 बजे दिल्ली से चलेगी और शाम 4ः15 बजे महेंद्रगढ़ पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 152 किलोमीटर लंबे इस सफर का किराया 140 रुपए निर्धारित किया गया है। साथ ही महेंद्रगढ़ को सब-डिपो का दर्जा मिलने और 60 नई बसों की मांग भेजे जाने की जानकारी भी दी गई, जिससे भविष्य में और बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला