नारनौल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नमो कमल’ कार्यालय का किया उद्घाटन

 


भाजपा कार्यालय को बताया कार्यकर्ताओं का मंदिर, अंत्योदय और संगठन विस्तार पर दिया जोर

नारनाैल, 08 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नारनौल में भारतीय जनता पार्टी के नए जिला कार्यालय ‘नमो कमल’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों ने भी भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नारनौल की वीर भूमि साधारण भूमि नहीं है। यह च्यवन ऋषि की तपोभूमि है, जहां की मिट्टी में हजारों वर्षों की तपस्या और संस्कृति की सुगंध समाई हुई है। उन्होंने कहा कि इस पावन धरती पर आकर उन्हें गर्व और खुशी की अनुभूति हो रही है। नारनौल की भूमि ने देश की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने हर संकट में राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का यह भव्य, आधुनिक और सुसज्जित जिला कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को कार्यालय के उद्घाटन की बधाई देते हुए कहा कि यह ‘नमो कमल’ कार्यालय प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणापुंज बनेगा। यहां से पार्टी की रीति-नीति, विकास का विजन और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए कार्यालय केवल पत्थरों से बना ढांचा नहीं होता, बल्कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए यह एक पवित्र मंदिर के समान है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कई राजनीतिक दल परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति तक सीमित हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक बूथ कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला