नारनौल की नई अनाज मंडी में लगेगी सरसों जांच लैब, प्रस्ताव पारित

 


मार्केट कमेटी की बैठक में किसानों की सुविधा और पब्लिक पार्क निर्माण पर भी बनी सहमति

नारनाैल, 02 जून (हि.स.)। नारनौल के मार्केट कमेटी कार्यालय में मंगलवार को चेयरमैन बाबूलाल यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नई अनाज मंडी में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरसों की गुणवत्ता जांच के लिए सरकारी पोर्टेबल लैब स्थापित करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। इस संबंध में मुख्य प्रशासक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

बैठक में मौजूद कमेटी सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में किसानों को अपनी सरसों फसल की गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। नई अनाज मंडी में सरकारी पोर्टेबल लैब स्थापित होने से किसानों को एक ही स्थान पर जांच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे उन्हें फसल की गुणवत्ता के अनुरूप उचित मूल्य मिलने में भी मदद मिलेगी और आर्थिक लाभ होगा।

बैठक के दौरान नई अनाज मंडी स्थित जल महल की दीवार से सटी जमीन पर एक सार्वजनिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस संबंध में कार्यकारी अभियंताए रेवाड़ी को आवश्यक सूचना भेजी गई है। कमेटी सदस्यों का मानना है कि पार्क बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा और वे सुबह-शाम सैर करने के साथ.साथ स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। सदस्यों ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्र का विकास समय की आवश्यकता है। पार्क बनने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। बैठक में चेयरमैन बाबूलाल यादव ने कहा कि सरसों जांच लैब और पब्लिक पार्क से जुड़े दोनों प्रस्ताव नई अनाज मंडी के विकास और किसानों व आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभागों की मंजूरी मिलने के बाद इन योजनाओं पर जल्द कार्य शुरू होगा।

बैठक में सचिव नुकुल यादव, वाइस चेयरमैन सुरेश चौधरी सहित मार्केट कमेटी के सभी सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला