नारनौल के गांव चेलावास में जमीनी विवाद में महिला की हत्या

 

कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से हमला करने का आरोप, परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

नारनाैल, 05 जून (हि.स.)। जिले के कनीना क्षेत्र के गांव चेलावास में गुरुवार रात एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान ओमपती के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर कुल्हाड़ी, फरसा और अन्य हथियारों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर शहर कनीना थाना पुलिस को शिकायत दी गई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

मृतका के जेठ सुरेंद्र कुमार निवासी चेलावास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके परिवार का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। सुरेंद्र कुमार के अनुसार गुरुवार देर रात उन्हें ओमपती के बेटे जयभगवान का फोन आया। जयभगवान ने बताया कि उसकी मां के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर घर का मुख्य गेट बंद मिला और बाहर कुछ लोग लाठियां लेकर खड़े दिखाई दिए। वहीं घर के अंदर से महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थी।

शिकायत में कहा गया है कि कुछ देर बाद घर का गेट खुला और अंदर से कई लोग बाहर निकले। आरोप है कि उनके हाथों में फरसा, कुल्हाड़ी और अन्य हथियार थे। आरोपियों ने उन्हें धमकी दी और मौके से फरार हो गए। इसके बाद तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी कथित रूप से एक वाहन में सवार होकर वहां से निकल गए।

सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस के साथ जब वह घर के अंदर पहुंचे तो ओमपती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके शरीर पर कई चोटों के निशान थे और वह खून से लथपथ थीं। महिला को तत्काल सरकारी अस्पताल कनीना ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के चलते पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि रोहतक ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला