नारनौल: जमीनी विवाद में किसान की हत्या, भतीजे समेत परिजनों पर आरोप

 


नारनाैल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव नूनी कलां में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 58 वर्षीय इंद्रपाल पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। मृतक खेतीबाड़ी का काम करते थे। उनके बेटे अनिल ने अपने चाचा-ताऊ के परिवार के सदस्यों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर सदर नारनौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, इंद्रपाल मंगलवार सुबह खेत से गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव के अड्डे के पास उन पर हमला कर दिया गया। मृतक के बेटे अनिल के अनुसार, हमले में उनके पिता को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि हमले में उसके चाचा के परिवार के सदस्य शामिल थे। अनिल ने बताया कि इससे पहले जनवरी में भी रात के समय उसके पिता पर हमला किया गया था। उस घटना में इंद्रपाल के दोनों पैर टूट गए थे और उनमें रॉड डाली गई थीं। अनिल के अनुसार, उस मामले की सुनवाई अभी अदालत में चल रही है। परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

सदर नारनौल थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि गांव नूनी कलां में इंद्रपाल की हत्या के संबंध में शिकायत मिली है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक का अपने भाई और उसके परिवार के साथ जमीन को लेकर विवाद था। पुलिस शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला