नारनौलः मां की हत्या कर बेटे ने कुएं में लगाई छलांग

 


-उपचार के दौरान आरोपी बेटे की भी मौत

नारनाैल, 21 मई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले के नारनाैल स्थित नगर में गुरूवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोहल्ला कायमपुरा निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, कायमपुरा निवासी 45 वर्षीय सुनील कुमार ने बुधवार रात को अपनी 70 वर्षीय मां ब्रह्मादेवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सुनील घर से निकल गया और सब्जी मंडी के पास शंकर भगवान मंदिर के नजदीक स्थित कुएं में कूद गया।

बताया जा रहा है कि कुएं में कूड़ा पड़ा हुआ था और उसकी गहराई करीब 50 फुट थी। सुबह करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच सब्जी मंडी पहुंचे लोगों ने उसे कुएं में छलांग लगाते देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे कुएं से बाहर निकाला। कुएं में गिरने से सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

उधर, सुबह जब ब्रह्मादेवी घर से बाहर नहीं निकली तो उनकी जेठानी घर के अंदर पहुंची। वहां महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटे ने पहले मां की हत्या की और बाद में खुद कुएं में कूद गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला