नारनौल में 22 वर्षीय युवती लापता, परिवार ने जताई अपहरण की आशंका

 

नारनाैल, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव सेहलंग से सोमवार रात एक 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया है। युवती के भाई ने थाना सदर कनीना में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह खेतीबाड़ी का कार्य करता है और उसकी बहन 12वीं पास है। सोमवार रात युवती घर पर ही सो रही थी, लेकिन मंगलवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो वह घर पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास और रिश्तेदारी में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। परिवार ने आरोप लगाया है कि गांव का ही एक युवक, युवती को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है। भाई का कहना है कि उसकी बहन अपने साथ घर से करीब दो लाख रुपये नकद भी ले गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की जल्द से जल्द तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है। परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला