नारनौल: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के घर में घुसे बदमाश, परिवार ने मांगी सुरक्षा
नारनाैल, 16 मई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित निवास पर शनिवार अल सुबह संदिग्ध बदमाशों ने हमला करने की कोशिश की। परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक नारनौल और महावीर पुलिस चौकी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने तथा सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से महेंद्रगढ़ रोड स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार तड़के चार से पांच बदमाश घर की दीवार फांदकर पीछे की ओर से अंदर घुसे। बदमाशों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें काट दीं और सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें।
परिवार के अनुसार बदमाशों ने घर के पीछे वाले दरवाजे के ताले और कुंडी को किसी तेजधार हथियार से काटने और तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की नींद खुल गई। जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला।
स्टाफ ने खिड़की से देखा कि बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल या तेजधार हथियार जैसा सामान दिखाई दे रहा था। राव देवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर कटे हुए ताले, टूटी कुंडी, कटी हुई सीसीटीवी तारें और दीवार पर जूतों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते स्टाफ नहीं जागता तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। परिवार ने आरोप लगाया कि राव नरेंद्र सिंह लगातार अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, जिसके कारण परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। परिवार ने मामले की गहन जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला