नारनाैल: दक्षिण हरियाणा को मिलेगी नई रफ्तार: अलवर–अटेली–दादरी रेल लाइन पर बढ़ी उम्मीदें
सांसद धर्मवीर सिंह ने रेल मंत्री से की मुलाकात, भारतमाला के तहत नए नेशनल हाईवे पर भी जोर
नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा में रेल और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। सांसद धर्मवीर सिंह ने बताया कि अलवर, नीमराणा और अटेली होते हुए चरखी दादरी तक नई रेलवे लाइन बिछाने के प्रस्ताव को लेकर उन्होंने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात की है। इस पर रेल मंत्री की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिससे उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद ने शुक्रवार को कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से दक्षिण हरियाणा और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे न केवल आम लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगी। सांसद ने आगे बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत सतनाली, महेंद्रगढ़ और कनीना को जोड़ते हुए एक नए नेशनल हाईवे के निर्माण के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इस हाईवे के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए धर्मवीर सिंह ने कहा कि भविष्य में परिसीमन होना तय है और इसके बाद महेंद्रगढ़ जिले में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में जिले में चार विधानसभा क्षेत्र हैं, जो बढ़कर पांच हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि छह सीटें हो जाएं, तो क्षेत्र के विकास के लिए और अधिक लाभकारी होगा। एक अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र बनने से विकास कार्यों में तेजी आएगी और जनप्रतिनिधित्व मजबूत होगा। इस मौके पर महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव व भाजपा जिला प्रधान यतेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला