नारनौल-रेवाड़ी में हड़ताल का नहीं दिखा असर खुले रहे मेडिकल स्टोर
दवा विक्रेताओं ने हड़ताल से बनाई दूरी, मरीजों को नहीं हुई परेशानी
नारनाैल, 20 मई (हि.स.)। हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा बुधवार को प्रदेशभर में मेडिकल स्टोर बंद रखने के आह्वान का असर नारनौल और रेवाड़ी में देखने को नहीं मिला। दोनों जिलों में मेडिकल स्टोर सामान्य दिनों की तरह खुले रहे और दवाइयों की खरीदारी सुचारु रूप से जारी रही। हड़ताल का स्थानीय स्तर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा में राज्य स्तरीय संगठन की ओर से बंद का ऐलान किया गया था, लेकिन महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिले के दवा विक्रेताओं ने इस हड़ताल से दूरी बनाए रखी। नारनौल में करीब 550 और रेवाड़ी जिले में लगभग 650 मेडिकल स्टोर सामान्य रूप से खुले रहे।
महेंद्रगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला सचिव संदीप शांडिल्य ने बताया कि जिले के दवा विक्रेताओं ने हड़ताल में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी मेडिकल स्टोर नियमित रूप से संचालित किए गए। इसी प्रकार रेवाड़ी जिले में भी मेडिकल स्टोर संचालकों ने दुकानें बंद नहीं कीं। सुबह से लेकर देर शाम तक मेडिकल स्टोरों पर सामान्य दिनों की तरह ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने बिना किसी परेशानी के दवाइयां और अन्य मेडिकल सामान खरीदा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मेडिकल स्टोर बंद रहते तो मरीजों, बुजुर्गों और इमरजेंसी में दवा लेने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता था। खासकर अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों को दवाइयों के लिए भटकना पड़ता। दुकानदारों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े व्यवसाय में मरीजों की जरूरत सबसे पहले आती है। इसी कारण रेवाड़ी और नारनौल के अधिकांश दवा विक्रेताओं ने दुकानें खुली रखने का फैसला लिया। दोनों जिलों में पूरे दिन मेडिकल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं और कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला