नारनाैल: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन

 


जींद के राज्य स्तरीय समारोह से होगा वर्चुअल लोकार्पण

नारनाैल, 07 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में 17 जुलाई को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम के जरिए नारनौल के कोरियावास स्थित नवनिर्मित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उपायुक्त अनुपमा अंजली के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि यह कार्यक्रम जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर है। ऐसे में आयोजन की सभी व्यवस्थाएं गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा, तकनीकी प्रबंध, यातायात, बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग तथा तकनीकी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने बताया कि जींद में होने वाले राज्य स्तरीय मुख्य समारोह से जुड़ने के लिए कोरियावास में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। परिसर में विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से जिले के नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले वर्चुअल उद्घाटन के साक्षी बनेंगे। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी सुनने का अवसर मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिरुद्ध यादव, आरटीए मनोज कुमार, सीटीएम डॉ. मंगल सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला