नारनौलः अटेली सीएचसी में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी आधुनिकः आरती सिंह राव
नारनाैल, 26 मई (हि.स.)। जिले के अटेली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जल्द ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग हरियाणा और मेदांता फाउंडेशन के सहयोग से तैयार किए गए प्रस्ताव को सिद्धांततः मंजूरी के लिए विचाराधीन रखा गया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
मंगलवार को हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रस्ताव के तहत आगामी तीन वर्षों तक सीएचसी अटेली में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार गंभीरता से कार्य कर रही है।
योजना के तहत सीएचसी में सीजेरियन ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, ओपीडी सेवाएं, एनीमिया स्क्रीनिंग क्लीनिक और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं का उन्नयन किया जाएगा। साथ ही महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय कैंसर की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा एनीमिया प्रबंधन, ब्लड प्रेशर जांच, आरबीएस और हीमोग्लोबिन टेस्ट जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला