नारनौल में सरसों खरीद में पारदर्शिता के लिए प्रशासन सख्त, विशेष टीमों का गठन
मार्केट फीस चोरी पर कड़ी नजर, हर क्षेत्र में तैनात टीमें, जिम्मेदारी तय
नारनाैल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सरसों की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना और मार्केट फीस की किसी भी प्रकार की चोरी को रोकना है।
मंगलवार को उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के अलग.अलग क्षेत्रों में अधिकारियों की टीमों को तैनात किया गया है। नारनौल क्षेत्र में उपमंडल अधिकारी, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी और उप-निरीक्षक कविता को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महेंद्रगढ़ क्षेत्र में उपमंडल अधिकारी, निरीक्षक ब्रहम्मा देवी और खाद्य निरीक्षक हरपाल की टीम निगरानी करेगी।
कनीना क्षेत्र में उपमंडल अधिकारी कनीना, वरिष्ठ प्रबंधक जगराम और उप-निरीक्षक संदीप को निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। इसी प्रकार नांगल चौधरी क्षेत्र में उपमंडल अधिकारी, प्रबंधक सुनील चौधरी और उप-निरीक्षक अशोक की टीम को तैनात किया गया है। प्रशासन ने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ काम करें।
जिला प्रशासन ने इन टीमों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरे जिले में सरसों के भंडार की सघन जांच करें। इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी बाजार शुल्क की चोरी न हो और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का फोकस किसानों को निष्पक्ष माहौल उपलब्ध कराना और खरीद प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संचालित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला