नारनौलः दौसा में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई प्रमुख ट्रेनों का नारनौल में ठहराव

 


चार अप्रैल को नारनौल से सीधे जुड़ेंगी बड़ी रेल सेवाएं

नारनाैल, 20 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के दौसा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते चार अप्रैल को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस तकनीकी कार्य के कारण जहां कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा, वहीं इसका सकारात्मक प्रभाव हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के यात्रियों पर देखने को मिलेगा। मार्ग परिवर्तन के चलते कई लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनें इस दिन नारनौल स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेंगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर ब्लॉक लिए जाने के कारण कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। गाड़ी संख्या 12915 साबरमती-दिल्ली रेलसेवा अब अपने निर्धारित फुलेरा-जयपुर-अलवर-रेवाड़ी मार्ग के बजाय फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान यह ट्रेन रींगस और नीम का थाना के साथ.साथ नारनौल स्टेशन पर भी ठहराव करेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रेलसेवा और गाड़ी संख्या 20964 वाराणसी-साबरमती रेलसेवा को भी परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव नारनौल, नीम का थाना और रींगस स्टेशनों पर रहेगा। आम तौर पर ये ट्रेनें इस मार्ग से होकर नहीं गुजरती हैं, ऐसे में एक दिन के लिए ही सही, लेकिन स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों का सीधा लाभ मिलेगा। इससे दिल्ली, गुजरात और राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने ट्रेन के समय और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला