नारनौलः महासर माता मंदिर में चैत्र नवरात्र मेला शुरू, श्रद्धा का उमड़ा सैलाब
भगवान श्रीकृष्ण के निर्देश पर पांडवों ने यहां की थी माता की आराधना, पाया खोया वैभव
नारनाैल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव गढ़ी-महासर स्थित महासर माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार 19 मार्च से भव्य मेले का शुभारंभ हो गया। यह धार्मिक आयोजन 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। मेले के पहले ही दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।
श्रद्धालु यहां चढ्ढा पारंपरिक रूप से जात-जडूले उतारने की रस्म निभा रहे हैं। मान्यता है कि इस पवित्र स्थल पर पांडवों ने अपना खोया हुआ वैभव पुनः प्राप्त करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के निर्देश पर माता की आराधना की थी। इसी आस्था के चलते यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्रीधर गुप्ता ने बताया कि महासर माता मंदिर करीब एक हजार वर्ष पुराना है। यहां माता वैष्णो देवी की तरह पिंडी स्वरूप में विराजमान हैं, जो श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र है। वर्ष में दो बार नवरात्रों के दौरान यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के पास निरंतर भंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां दिन-रात प्रसाद वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा नौ दिनों तक चलने वाले शतचंडी यज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हो रहे हैं।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थाना प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा विशेष चौकसी बरती जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के साथ-साथ स्वयंसेवी श्रद्धालु भी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला