नारनौल में एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, पूरे प्रदेश में कार्रवाई में अव्वल

 


एक माह में 179 घरेलू सिलेंडर जब्त, 41 स्थानों पर छापेमारी, अब सप्लाई पूरी तरह सामान्य

नारनाैल, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले ने रसोई गैस की कालाबाजारी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने रविवार को बताया कि पिछले एक माह में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन की मुस्तैदी का ही परिणाम है कि महेंद्रगढ़ कार्रवाई के मामले में प्रदेश में शीर्ष पर रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के बाद जिले में एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो गई है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा। खाद्य एवं पूर्ति विभाग की छह विशेष टीमों ने नारनौल, महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, अटेली और नांगल चौधरी के शहरी क्षेत्रों में ढाबों और दुकानों पर सघन छापेमारी की। इन कार्रवाइयों के दौरान अब तक 41 स्थानों पर दबिश दी गई, जहां से कुल 179 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि पात्र उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके और कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले की 21 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन चार हजार से पांच हजार सिलेंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है। प्रशासन के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल रही है।

सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि कालाबाजारी की शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। आमजन इन नंबरों के माध्यम से किसी भी अनियमितता की सूचना दे सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला