नारनाैल: श्रीकृष्ण के कर्मयोग दर्शन से युवा लें प्रेरणा : आरती राव

 


स्वास्थ्य मंत्री ने जन्माष्टमी कार्यक्रम में युवाओं को संस्कृति व संस्कारों से जुड़ने का दिया संदेश

नारनाैल, 04 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा की संस्कृति, संस्कार और गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से मानवता को जो संदेश दिया, वह हजारों वर्ष बाद भी उतना ही प्रासंगिक है। श्रीकृष्ण का कर्मयोग दर्शन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत है।

स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को अटेली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर यादव सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया।

आरती सिंह राव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को कर्तव्यपालन, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गीता का कर्मयोग सिद्धांत युवाओं को बिना फल की चिंता किए पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण के आदर्शों और शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का अवसर भी है। कार्यक्रम में नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, कोसली विधायक अनिल यादव, जिला अध्यक्ष डॉ. यतेन्द्र राव, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव, जिला उपाध्यक्ष धीरज यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला