नारनौल के लॉजिस्टिक हब में दौड़ेगी पहली मालगाड़ी, सीएम दिखाएंगे हरी झंडी

 


लॉजिस्टिक हब से हजारों रोजगार के अवसर

नारनाैल, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के शुभारंभ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने पुलिस अधीक्षक दीपक, एसडीएम अनिरुद्ध यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आगामी 23 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समर्पित माल ढुलाई गलियारे से जुड़े नए रेल मार्ग का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के न्यू डाबला रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी तलोट, घाटाशेर तथा बसीरपुर की जमीन पर विकसित इस केंद्र तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उपायुक्त ने बताया कि पूरी परियोजना 1305 एकड़ भूमि पर स्थापित की जानी है। इसके पहले चरण में 408 एकड़ क्षेत्र को पूरी तरह विकसित कर लिया गया है। तलोट, घाटाशेर और बसीरपुर गांव में रेल पटरी के दोनों तरफ आधुनिक स्टेशन भवन बनाए गए हैं। मालगाड़ियों के सुगम संचालन के लिए चार रेल पटरियां बिछाई गई हैं। वहीं माल चढ़ाने और उतारने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबा विशाल रेलवे मंच तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के किनारे स्थित यह केंद्र क्षेत्र को देश के व्यापारिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। भारत सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग और हरियाणा सरकार के सहयोग से विकसित यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हब शुरू होने से बड़े उद्योगों को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला