नारनौल में महिला ने शराब के लिए पैसे नहीं दिए ताे जेठ ने की हत्या

 


सिर पर लाठी मारकर महिला की जान ली, आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

नारनाैल, 11 जून (हि.स.)। जिले के कनीना क्षेत्र के चेलावास गांव में बुधवार रात शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के जेठ ने लाठी से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 28 वर्षीय अंजली के रूप में हुई है। अंजली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के रामनगर क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब पांच वर्ष पहले उसकी शादी चेलावास निवासी मनोज कुमार के साथ हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय बेटा भी है। अंजली अपने परिवार के साथ गांव में रह रही थी।

थाना शहर कनीना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी अमित कुमार, जो मृतका का जेठ है, शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। बुधवार देर शाम उसने अंजली से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अंजली ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अमित ने कथित तौर पर लाठी उठाकर अंजली के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अंजली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

मृतका के पति मनोज कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ-साथ सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम भी लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला