नारनाैल: हरियाणा की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, लाडो लक्ष्मी योजना का दूसरा चरण शुरू

 


मुख्यमंत्री ने महेंद्रगढ़ में पोर्टल खोले जाने की दी जानकारी, आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख

नारनाैल, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे का विस्तार किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को महेंद्रगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में योजना के दूसरे चरण के लिए पंजीकरण पोर्टल खोले जाने की जानकारी दी। इससे लंबे समय से योजना के पोर्टल के दोबारा खुलने का इंतजार कर रही पात्र महिलाओं को नए सिरे से आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

सरकार ने योजना का लाभ अधिक महिलाओं तक पहुंचाने के लिए परिवार की वार्षिक आय की पात्रता सीमा बढ़ा दी है। पहले अधिकतम एक लाख रुपये सालाना आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा था। अब यह सीमा बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक कर दी गई है। इससे योजना के दायरे में अतिरिक्त पात्र महिलाएं शामिल हो सकेंगी। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। सरकार के अनुसार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहायता करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए सरकार ने पहले बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। दूसरे बजट में इसे बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रदेश की करीब 10 लाख महिलाओं के बैंक खातों में अब तक 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब एक लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाली माताओं-बहनों को भी योजना में शामिल किया जाएगा। पात्र महिलाएं पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर निर्धारित शर्तों के अनुसार प्रतिमाह 2100 रुपये की सहायता प्राप्त कर सकेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला