नारनाैल: कृष्णावती नदी पुनर्जीवन को 2.76 करोड़ मंजूर: आरती सिंह राव

 


राता कलां से मानपुरा तक होंगे विकास कार्य, भूजल स्तर सुधारने और वर्षा जल संरक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

नारनाैल, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कृष्णावती नदी के पुनर्जीवन, जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गांव राता कलां से गांव मानपुरा तक विभिन्न विकास कार्यों के लिए दाे करोड़ 76 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह जानकारी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को दी।

उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत कृष्णावती नदी में नाला खुदाई, चैनल सुधार, जल संरक्षण संबंधी कार्य, हंप रेगुलेटरों का निर्माण तथा जल प्रवाह नियंत्रण और भूजल पुनर्भरण के लिए जलाशयों का विकास किया जाएगा। इन कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र में जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना और भूजल स्तर को स्थिर बनाना है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह परियोजना नारनौल ब्रांच से आरसीसी पाइपलाइन के माध्यम से कृष्णावती नदी के पुनर्भरण की मूल योजना में हुई बचत राशि से पूरी की जाएगी। हरियाणा सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा इस योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। परियोजना के कार्यों को अलग निविदा प्रक्रिया के माध्यम से शीघ्र शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। कृष्णावती नदी क्षेत्र में किए जाने वाले ये विकास कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला