नारनाैल में डॉक्टर बनकर आए ठग ने महिला व सास को बेहोश कर लूटे गहने

 




नारनाैल, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव देवास में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पीजीआई रोहतक का डॉक्टर बताकर घर पहुंचे एक व्यक्ति ने पहले महिला को धर्म की बहन बनाया और फिर संतान नहीं होने की बात कहकर चेकअप का झांसा दिया। आरोपी ने महिला और उसकी सास को इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद घर से सोने के गहने और 29 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि देवास निवासी संगीता ने 15 नवंबर को शिकायत दी है। उसने बताया कि छह जुलाई को उसकी सास मुन्नी देवी सिलारपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान अटेली की तरफ से नीली बत्ती लगी सफेद रंग की गाड़ी आई। चालक ने देवास जाने की बात कहकर उसे गाड़ी में बैठा लिया।

घर पहुंचने पर आरोपी ने खुद को पीजीआई रोहतक का डॉक्टर बताया। बातचीत के दौरान उसे पता चला कि संगीता की शादी को दो साल हो चुके हैं और उसकी कोई संतान नहीं है। इस पर उसने अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच करने का भरोसा दिया।

आरोपी ने पहले संगीता के पति संदीप का चेकअप किया और उसे कमरे से बाहर भेज दिया। इसके बाद संगीता को अकेले बुलाकर मीठी-मीठी बातों में उलझाया और धर्म की बहन बना लिया। विश्वास जीतने के बाद चेकअप के नाम पर उससे सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और झुमकी उतरवा ली।

इसके बाद आरोपी ने संगीता और उसकी सास को इंजेक्शन लगा दिए। दोनों की हालत ऐसी हो गई कि वे कुछ समझ नहीं पाईं। इसी दौरान आरोपी 29 हजार रुपये और गहने लेकर फरार हो गया। होश आने पर संगीता ने आरोपी को फोन किया तो उसने गहने लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मोबाइल बंद कर लिया। दीवाली पर परिजनों को घटना बताने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दी। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर एएसआई कुलजीत को जांच सौंपी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला