नारनौलः आईटीआई के दरवाजे आम जनता के लिए खुले, ऑनलाइन पोर्टल से मिलेगी सुविधाएं
रजिस्ट्रेशन कर नागरिक उठा सकेंगे आधुनिक मशीनों व लाइब्रेरी का लाभ, कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
नारनाैल, 17 मार्च (हि.स.)। नारनौल में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के संसाधनों का लाभ अब केवल छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम नागरिक भी इसका उपयोग कर सकेंगे। इसके लिए विभाग द्वारा एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से स्थानीय लोग संस्थान की आधुनिक मशीनों और लाइब्रेरी की सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे।
आईटीआई प्राचार्य विनोद खनगवाल ने मंगलवार को बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और समाज के हर वर्ग तक इनकी पहुंच बनाना है। उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसे लोग जो तकनीकी कार्य सीखना चाहते हैं या मशीनों का उपयोग करना चाहते हैं, वे संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। अब इस नई व्यवस्था से उन्हें एक बेहतर अवसर मिलेगा।
प्राचार्य के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें निर्धारित समय के अनुसार आईटीआई की वर्कशॉप में आकर मशीनों का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही वे संस्थान की लाइब्रेरी का भी लाभ उठा सकेंगे, जिससे उनके ज्ञान और कौशल में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि यह योजना युवाओं, स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों और तकनीकी कौशल सीखने के इच्छुक नागरिकों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। इससे न केवल लोगों को नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल को कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी दक्षता को बढ़ावा मिलेगा साथ ही आत्मनिर्भरता को भी बल मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला