नारनौल: आईटीआई में प्रिंसिपल से अभद्रता पर अनुदेशक निलंबित, अनुदेशिका से मांगा जवाब
नारनाैल, 30 सितंबर (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नारनौल में प्रिंसिपल से कथित अभद्र व्यवहार की शिकायत के मामले में विभाग ने कार्रवाई की है। नियमित पद पर कार्यरत अनुदेशक रवि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशिका निधि यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बुधवार को विभाग के अतिरिक्त निदेशक सुमित सेहरावत मामले की जांच के सिलसिले में नारनौल आईटीआई पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल की ओर से उनके कार्यालय में अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत विभाग के संज्ञान में आई थी। इसके बाद निदेशक के निर्देश पर उन्हें मामले की जांच के लिए नारनौल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की शुरुआत आईटीआई के छात्र अरुण की ओर से एक शिक्षक और महिला शिक्षक पर मारपीट के आरोप लगाए जाने के बाद हुई थी। इसके बाद आईटीआई प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने 19 सितंबर को विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजकर अनुदेशक रवि कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।
प्रिंसिपल की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और कुर्सी उठाकर हमला करने के आरोप लगाए गए थे। रिपोर्ट में अनुदेशिका निधि यादव के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की गई थी।प्रिंसिपल ने दोनों अनुदेशकों पर संस्थान का माहौल खराब करने के आरोप लगाए थे।
अतिरिक्त निदेशक सुमित सेहरावत ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में आने के बाद नियमित पद पर कार्यरत अनुदेशक रवि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं अनुबंध आधार पर कार्यरत अनुदेशिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला