नारनौलः अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, डॉ भंवर सिंह बने राज्य संयोजक

 


21 जून के मुख्य कार्यक्रम से पहले सात जून को होगा राज्य स्तरीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण

नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर महेंद्रगढ़ सहित पूरे हरियाणा में तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय के सहयोग से इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) और सूर्या फाउंडेशन ने हरियाणा राज्य के लिए नई संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है।

इन नियुक्तियों का उद्देश्य योग दिवस कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अनंत बिरादार तथा सूर्या फाउंडेशन के चेयरमैन जयप्रकाश के मार्गदर्शन में यह जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महेंद्रगढ़ स्थित स्वामी ब्रह्मानंद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय एवं योग केंद्र, बुचोली रोड के मुख्य चिकित्सा प्रभारी डॉ भंवर सिंह कसाना को हरियाणा राज्य का संयोजक बनाया गया है। वहीं डॉ धर्मवीर यादव को राज्य सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

गुरुवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रदेश में योग दिवस कार्यक्रमों के सफल संचालन और समन्वय के लिए सात जून को राज्य स्तरीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

डॉ भंवर सिंह ने बताया कि आयुष मंत्रालय ने इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ निर्धारित की है।

इसी के तहत एक जून से 21 जून तक गांवों और शहरों में कॉमन योग प्रोटोकॉल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम 21 जून को सुबह सात से आठ बजे तक आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र से कम से कम 10 स्थानीय आयोजकों का पंजीकरण गूगल लिंक के माध्यम से कराया जाएगा। अभियान के समापन पर योग प्रशिक्षकों, आयोजकों और प्रतिभागियों को आईएनओ, सूर्या फाउंडेशन तथा आयुष मंत्रालय की ओर से प्रशंसा एवं सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला