नारनाैल: केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति को मिला अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा पुरस्कार
उच्च शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान, शैक्षणिक नेतृत्व और विश्वविद्यालय विकास के लिए सम्मान
नारनाैल, 30 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा उत्कृष्टता पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सूचना का अधिकार दिवस एवं सम्मेलन 2026 के दौरान आरटीआई इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बुधवार को सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान, शैक्षणिक नेतृत्व तथा विश्वविद्यालय के विकास में उनकी भूमिका के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और पारदर्शिता को प्राथमिकता देना जरूरी है।
कुलपति ने इस सम्मान को विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और समस्त विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार तथा कौशल विकास के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही शोध एवं नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रो. टंकेश्वर कुमार को मिले इस सम्मान पर विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा, कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाताओं और विभागाध्यक्षों ने बधाई दी। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला