नारनौल में 50 मीटर सड़क के लिए मासूम गीतिका की भावुक गुहार

 


आठ साल की बच्ची का वीडियो वायरल, अधिकारियों से लगाई सड़क बनवाने की अपील

नारनाैल, 26 मई (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी कस्बे में केवल 50 मीटर सड़क निर्माण का मामला अब एक आठ साल की मासूम बच्ची की भावुक अपील के कारण चर्चा में आ गया है। वार्ड नंबर 10 की रहने वाली छोटी बच्ची गीतिका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अधिकारियों से सड़क जल्द बनवाने की गुहार लगाई है। मंगलवार को यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों के दिलों को छू गया।

वीडियो में मासूम गीतिका हाथ जोड़कर कहती नजर आ रही है, ‘डीएम अंकल नमस्ते....हमारी रोड जल्दी बनवा दो। ठेकेदार अंकल ने यहां कंकड़ बिछा दिए हैं, जिससे हम खेल नहीं पा रहे हैं। सीवर लाइन डालने से भी मना कर दिया है। आपसे रिक्वेस्ट है कि हमारी सड़क जल्दी बनवा दो।’ बच्ची की मासूम आवाज और उसकी परेशानी ने लोगों को भावुक कर दिया।

दरअसल, वार्ड नंबर 10 में कोटपुतली रोड से अनाज मंडी तक करीब 50 मीटर सड़क का निर्माण होना है। सड़क निर्माण के लिए कई दिन पहले रोडे और कंकड़ डाल दिए गए थे, लेकिन उसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि सीवर लाइन डालने को लेकर निर्माण कार्य अटक गया है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क अधूरी होने से धूल और पत्थरों के कारण आवाजाही मुश्किल हो गई है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे बच्चों को हो रही है, जो पहले खाली जगह पर खेल लिया करते थे। अब वहां फैले कंकड़ों और अधूरे निर्माण के कारण बच्चे घरों में रहने को मजबूर हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई है।

वहीं नगर पालिका नांगल चौधरी के सचिव ललित गोयल ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। ठेकेदार से पूछा जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य क्यों रुका हुआ है। पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला