नारनाैल: स्वास्थ्य मंत्री ने बीस करोड़ के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

 


कनीना अस्पताल में शुरू होगी डायलिसिस सुविधा

नारनाैल, 08 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के धन्यवादी दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समान विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने गांव करीरा में वीर सैनिक पार्क, राजा राव तुलाराम जिम तथा एससी चौपाल के नवीनीकरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास, बीपीएल कॉलोनी के रास्तों तथा बीसी चौपाल का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान खेत-खलिहान सड़क योजना के तहत करीरा से गोठड़ा काकड़ संपर्क मार्ग के निर्माण की आधारशिला भी रखी।

उन्होंने घोषणा की कि कनीना के सामान्य अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलेगी। इसके अलावा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के माध्यम से करीरा-गोठड़ा और करीरा-लिसान संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य सड़क से जवाहर नवोदय विद्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, गांव से श्मशान घाट तक सड़क निर्माण तथा एससी चौपाल से स्कूल तक सड़क मजबूत करने के कार्य भी किए जाएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी कनीना की ओर से पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। गांव ईसराना के मोहित को 37 हजार 500 रुपये, खैराना की सरजीत कुमारी को पति की मृत्यु पर पांच लाख रुपये तथा ईसराना के उदय सिंह को खेत में दुर्घटना में घायल होने पर एक लाख 25 हखार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला