नारनौल में ठेके की आड़ में अवैध शराब का भंडाफोड़, 115 पेटियां बरामद

 

सीआईए व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, सेल्समैन गिरफ्तार, टिन शेड में छिपा रखा था स्टॉक

नारनाैल, 26 मार्च (हि.स.)। जिले के कपूरी गांव में ठेके की आड़ में अवैध शराब बेचने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सीआईए महेंद्रगढ़ और आबकारी विभाग नारनौल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि गांव कपूरी स्थित शराब ठेके के पास बने एक टिन शेड के खोखे में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का स्टॉक छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीआईए और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 115 पेटियां, नौ क्वार्टर और 56 निप्स शराब बरामद की। जांच में पाया गया कि यह शराब ठेके के आधिकारिक स्टॉक का हिस्सा नहीं थी, बल्कि अवैध रूप से रखी गई थी।

पुलिस ने बरामद शराब के नमूने लेकर शेष स्टॉक को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।

मौके से पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित के रूप में हुई है, जो ठेके पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत थाना सदर कनीना में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन.कौन लोग शामिल हैं और शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला