नारनौल : 376 पेटी अवैध शराब से भरा कैंटर पकड़ा
सीआईए टीम ने नाकाबंदी कर कैंटर रोका, चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार
नारनाैल, 10 सितंबर (हि.स.)। नारनौल में सीआईए पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 376 पेटी शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा है। पुलिस ने कैंटर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ नारनौल सदर थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कैंटर को भी जब्त कर लिया है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने गुरुवार को बताया कि सीआईए की टीम जाट गुवाना टोल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर 152-डी हाईवे के रास्ते गुजरात ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रुकवा लिया। पुलिस ने कैंटर चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
दोनों ने अपनी पहचान राजस्थान के ताल निवासी संतोष और गाजुना निवासी स्वर्ण के रूप में बताई। कैंटर की तलाशी के दौरान पुलिस को आगे की तरफ साइकिल के डिब्बे रखे मिले। पुलिस ने जब इन डिब्बों को हटाकर कैंटर के पिछले हिस्से की जांच की तो वहां छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं। गिनती करने पर कुल 376 पेटी अवैध शराब मिली।
पुलिस ने आरोपियों से शराब से संबंधित लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और कैंटर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला