नारनौल में आईआईएम रोहतक के विद्यार्थी प्रशासनिक गतिविधियों से हुए रूबरू

 


लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली से मुलाकात कर जानी प्रशासन की कार्यप्रणाली

नारनाैल, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रोहतक के विद्यार्थियों ने अपने पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के पहले दिन सोमवार को लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त अनुपमा अंजली से मुलाकात की। विद्यार्थियों ने उपायुक्त से जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने विद्यार्थियों को बताया कि हरियाणा सरकार की डिजिटल हरियाणा मुहिम के तहत अधिकांश सरकारी सेवाओं और योजनाओं को ऑनलाइन किया जा चुका है। राजस्व विभाग की प्रक्रियाओं में भी तकनीक का उपयोग बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि इंतकाल की प्रक्रिया को ऑटो मोड पर कर दिया गया है। अब रजिस्ट्री होने के बाद नागरिकों को अलग से इंतकाल करवाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कई अन्य कदम भी उठाए गए हैं, जिनका उद्देश्य सरकारी सेवाओं और योजनाओं को सरल तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक उपमंडल स्तर पर सप्ताह में सोमवार और गुरुवार को समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाता है। लिंगानुपात से संबंधित सवाल पर उपायुक्त ने कहा कि यह एक सामाजिक मुद्दा है। सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के कारण इसमें काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिला अब शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और लोगों की सोच में भी बदलाव आ रहा है।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध जिला है। यहां के ऐतिहासिक स्मारक भविष्य में पर्यटन के बड़े केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला