नारनौल में अब 24 घंटे खुले रहेंगे सभी सरकारी अस्पताल

 


उपायुक्त ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश, सफाई, स्टाफ और मरीज सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

नारनाैल, 11 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में जिले के उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने नए दिशा-निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

शनिवार को उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का यह निर्णय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नए आदेशों के तहत अब सभी सरकारी अस्पतालों को 24 घंटे साफ-सुथरा और पूरी तरह क्रियाशील रखना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन इन निर्देशों को सख्ती से लागू करेगा ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जिले के सभी नागरिक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य चिकित्सा संस्थान अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे खुले रहेंगे। मरीजों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर व्यवस्था मजबूत की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त काउंटर भी खोले जाएंगे।

जच्चा-बच्चा वार्डों के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन वार्डों को आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों की मदद से हल्के रंगों और सुंदर चित्रों से सजाया जाएगा, जिससे मरीजों को सकारात्मक वातावरण मिल सके। गर्मी के मौसम को देखते हुए ठंडे और स्वच्छ पेयजल, कूलर तथा मच्छरों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि वे स्वयं और जिले के सभी एसडीएम अगले पांच दिनों में अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सफाई, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति की जांच की जाएगी। किसी भी कर्मचारी के बिना वर्दी पाए जाने या लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर से पुराने वाहनों और कबाड़ को हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला