नारनौल में नकल रहित और शांतिपूर्ण बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिला प्रशासन ने कसी कमर

 


52 परीक्षा केंद्र और नौ स्क्वैड फ्लाइंग बनाई

बिना तनाव और ईमानदारी से परीक्षा दें विद्यार्थीः मनोज कुमार

नारनाैल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में सुचारू परीक्षा संचालन के लिए कुल 52 केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला में बोर्ड की कुल छह स्क्वैड फ्लाइंग बनाई गई है। इसके अलावा एक-एक फ्लाइंग एडीसी, डीएमसी तथा सीटीएम की भी रहेगी। इस प्रकार कुल नौ स्क्वैड फ्लाइंग है। उन्होंने जिला के छात्रों से भी अपील की है कि वे बिना किसी तनाव के और ईमानदारी से अपनी परीक्षा दें।

उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय के मीटिंग हॉल में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को लेकर स्कॉयर्ड फ्लाइंग व केंद्र अधीक्षकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इसके बाद उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि परीक्षाओं की सुचिता को बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। जिला प्रशासन नकल रहित परीक्षा करवाने को प्रतिबद्ध है। बाहरी तथा अंदर की गतिविधियों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अगर किसी भी स्तर पर कोई गड़बड़ी होती है तो अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट और उड़नदस्तों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर बहुत सख्त हैं। ऐसे में सभी अधिकारी चौकस और चौकन्ने रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला