नारनौल: हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से हो रहा सुधार : आरती सिंह राव
नारनौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि अंतिम पंक्ति तक खड़े व्यक्ति को बेहतर और सुलभ इलाज मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2029 तक टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य में जांच और उपचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री गुरुवार को अटेली स्थित अपने कार्यालय में जन समस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप अटेली के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त किया गया है और यहां फर्स्ट रेफरल यूनिट की शुरुआत की गई है। इससे अब आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तुरंत उपचार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि अटेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को अल्ट्रासाउंड, टीबी जांच के लिए ट्रू-नैट मशीन और ब्लड स्टोरेज यूनिट जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी आम लोगों के लिए सुलभ हों। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि महेंद्रगढ़ जिले में 54 नए स्वास्थ्य उप-केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 10 से अधिक केंद्र अटेली क्षेत्र में स्थापित होंगे। इसके अलावा नारनौल के नागरिक अस्पताल को 300 बेड के आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जबकि सतनाली सीएचसी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ क्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर भी जोर दिया। अंबेडकर भवन, अटल पार्क और आधुनिक लाइब्रेरी जैसे विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अंत में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद में सामने आई समस्याओं, विशेषकर नालों की सफाई और कॉलोनियों को वैध करने के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला