नारनौल हाफ मैराथन के लिए 41 हजार ने कराया पंजीकरण

 


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे हरी झंडी, नशा मुक्ति का दिया जाएगा संदेश

नारनाैल, 25 जुलाई (हि.स.)। नारनौल हाफ मैराथन को लेकर जिले के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। महज दो सप्ताह के भीतर पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। अब तक कुल 41 हजार 153 नागरिक मैराथन के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इस आयोजन को नौ अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

शनिवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि पांच किलोमीटर की दौड़ के लिए 40 हजार 721 तथा 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए 476 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रशासन ने पांच किलोमीटर की दौड़ को पूरी तरह निशुल्क रखा है, जबकि 10 किलोमीटर श्रेणी के लिए 100 रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पांच किलोमीटर की दौड़ में भाग लेने वाले धावक नसीबपुर मोड़ से यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। वहीं 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागी टांटला चौक तक जाएंगे और वहां से लौटकर आईटीआई परिसर में अपनी दौड़ पूरी करेंगे। पूरे रूट पर धावकों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में हर आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाना है, ताकि जिले से नशा मुक्त समाज का सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश तक पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला