नारनाैल में आईआईएम रोहतक के छात्रों ने समझी सरकारी संचार व्यवस्था की कार्यप्रणाली

 


अधिकारियों ने सोशल मीडिया, मीडिया मॉनिटरिंग और जनसंचार की दी जानकारी

नारनाैल, 24 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रहे सुशासन के मॉडल को समझने के उद्देश्य से आईआईएम रोहतक के छात्रों का एक दल गुरुवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय पहुंचा। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और आधुनिक संचार माध्यमों के उपयोग को करीब से समझा।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजय बिढलान और सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मेंद्र कादियान ने छात्रों को विभाग की कार्यशैली और दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संजय बिढलान ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सरकार और आमजन के बीच सेतु का काम करता है। विभाग का प्रमुख उद्देश्य सही सूचना को सही समय पर जनता तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि पहले विभागीय कार्य मुख्य रूप से प्रेस विज्ञप्तियों और समाचार पत्रों तक सीमित थे, लेकिन अब सोशल मीडिया के कारण सरकारी संचार का स्वरूप काफी बदल गया है। ट्विटर (एक्स), फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से रियल-टाइम कम्युनिकेशन किया जा रहा है। योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी शॉर्ट वीडियो, इन्फोग्राफिक्स और पॉडकास्ट जैसे मल्टीमीडिया माध्यमों से भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।

अधिकारियों ने मीडिया मॉनिटरिंग और सेंटीमेंट एनालिसिस टूल्स के उपयोग की जानकारी भी दी। बताया गया कि इनके माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर जनता की प्रतिक्रिया समझने का प्रयास किया जाता है। आपदा, महामारी या विवाद की स्थिति में तत्काल और प्रमाणिक सूचना जारी कर अफवाहों पर रोक लगाने की प्रक्रिया भी समझाई गई। एआईपीआरओ धर्मेंद्र कादियान ने स्ट्रैटेजिक प्लानिंग, स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट और पब्लिक पॉलिसी कम्युनिकेशन के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्रों ने सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला