नारनाैल के सरकारी कॉलेजों की बदलेगी सूरत, 54.57 करोड़ मंजूर
नारनाैल, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के सरकारी कॉलेजों में शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 54 करोड़ 57 लाख रुपये के छह विकास एवं निर्माण कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इसके अलावा परियोजनाओं को गति देने और लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च करने की अनुमति भी प्रदान की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को इन स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक भवन, पर्याप्त कक्षाएं, प्रयोगशालाएं और लाइब्रेरी विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आरती सिंह राव ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से इन कार्यों के लिए 54 करोड़ 57 लाख रुपये का बजट उपलब्ध करवाया गया है। इसके तहत राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में 15 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से आठ अतिरिक्त कक्षाओं और साइंस ब्लॉक का निर्माण होगा। राजकीय महाविद्यालय नांगल चौधरी में 12 करोड़ 35 लाख रुपये से आधुनिक लाइब्रेरी एवं टीचिंग ब्लॉक बनाया जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय अटेली में साइंस ब्लॉक की संशोधित लागत के लिए 1.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, 29 कक्षाओं वाले नए भवन के निर्माण पर 20 करोड़ 54 लाख रुपये और मल्टीपर्पज हॉल की संशोधित लागत के लिए चार करोड़ चार लाख रुपये खर्च होंगे। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में 94 लाख 59 हजार रुपये से चारदीवारी, गार्ड रूम और मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। विशेषकर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी अपने क्षेत्र में बड़े शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला