नारनौलः ‘सही पोषण ही मजबूत समाज की नींव’ संदेश के साथ छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
प्राचार्य डॉ आरपी सिंह ने दिखाई रैली को हरी झंडी, संतुलित आहार और स्वच्छता पर दिया जोर
नारनाैल, 18 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को पोषण पखवाड़े के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ आरपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की। रैली में शामिल छात्राओं ने शहर में विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
प्राचार्य ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और आमजन को बेहतर पोषण के महत्व के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार बेहद आवश्यक है, क्योंकि सही पोषण ही मजबूत समाज की नींव रखता है। रैली के दौरान छात्राओं ने श्संतुलित आहार अपनाओ, स्वस्थ जीवन पाओ, और ‘स्वच्छता ही स्वास्थ्य की कुंजी है’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पोषण केवल भोजन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सही समय पर संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और समाज में पोषण व स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम में डॉ मुकेश यादव, डॉ गीता यादव और डॉ पवन यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे खुद भी संतुलित आहार अपनाएंगी और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला