नारनौल में महिलाओं और हृदय रोगियों के लिए शुरू होंगी नई सुविधाएंः आरती सिंह राव

 


नारनाैल, 28 मई (हि.स.)। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में शुक्रवार का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव प्रदेश सहित विशेष रूप से महेंद्रगढ़ जिले को करोड़ों रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात देंगे। पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को बताया कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को सामान्य या गंभीर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने से प्रदेश सहित महेंद्रगढ़ जिले के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नागरिक अस्पताल नारनौल में “स्वस्थ नारी, स्वस्थ परिवार” क्लीनिक की शुरुआत की जाएगी। इस क्लीनिक में महिलाओं को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और आधुनिक इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।

इसके अलावा हृदय रोगियों के लिए डिजिटल तकनीक से लैस टेली-ईसीजी सेवा भी शुरू की जा रही है। इस सेवा के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर की गई ईसीजी जांच की रिपोर्ट सीधे विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचेगी। इससे हृदय रोगों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो सकेगा।

ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए जिले के तिगरा, बिहाली, बजाड़, सिहोर और स्याना गांवों में नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को गांव स्तर पर सुदृढ़ करेंगे।

साथ ही नागरिक अस्पताल नारनौल में अमृत फार्मेसी स्टोर का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की ब्रांडेड दवाइयां और मेडिकल इंप्लांट्स मरीजों को रियायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला