नारनौलः बेटियों की सेहत और सशक्त परिवार पर केंद्रित बजट : आरती सिंह राव

 


नारनाैल, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला बताया है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और किशोरियों के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए इसे स्वस्थ हरियाणा की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए बजट का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दी है, जिसके तहत वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 14 वर्ष की लगभग तीन लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन से निशुल्क टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से हमारी बेटियों को सुरक्षा प्रदान करेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के हर जिला अस्पताल और हर उप.मंडल अस्पताल में विशेष स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक की स्थापना की जाएगी, जिससे मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल आधारभूत ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को भी सिद्ध करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला