नारनौलः नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

 

फर्जी चयन सूची दिखाकर बनाया शिकार, पीड़ित ने ऑडियो-वीडियो सबूत किए पेश

नारनाैल, 17 मार्च (हि.स.)। नारनौल में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को इस संबंध में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नारनौल की कोर्ट के आदेश पर थाना शहर नारनौल में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के गांव बहरमपुर निवासी रवि कुमार ने कोर्ट में इस्तगासा दायर कर आरोप लगाया कि हरिश शर्मा और अरविंद शर्मा ने मिलकर उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उससे मोटी रकम ऐंठ ली। शिकायत में रवि कुमार ने बताया कि नारनौल के गांव सेका निवासी हरिश शर्मा ने उससे पहले दो लाख रुपये नकद ले लिए। इसके बाद भी आरोपियों ने नौकरी लगवाने का भरोसा देते हुए उससे तीन लाख रुपये और देने की मांग की। आरोप है कि आरोपियों ने उसे विश्वास में लेने के लिए फर्जी चयन सूची भी दिखाई, जिसमें उसका नाम शामिल होने का दावा किया गया।

पीड़ित के अनुसार जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और आरोपियों का व्यवहार संदिग्ध लगा तो उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पूरे मामले के साक्ष्य जुटाए और कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। रवि कुमार ने कोर्ट में आरोपियों के साथ हुई बातचीत की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पेश किए हैं। कोर्ट ने प्रस्तुत साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए थाना शहर नारनौल पुलिस को मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार काे बताया कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद युवाओं को सतर्क रहने और नौकरी के नाम पर किसी भी तरह की ठगी से बचने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला