महेंद्रगढ़ में खाली प्लॉट से 158 किलो पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 


नारनाैल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। थाना शहर पुलिस ने महेंद्रगढ़ में एक खाली प्लॉट से करीब 158 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पटाखे 12 प्लास्टिक कट्टों में भरकर रखे गए थे। पुलिस ने मामले में महेंद्रगढ़ निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्लॉट में पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से जमा किया गया था।

डीएसपी डॉ. कविता ने सोमवार को बताया कि बीते दिन थाना शहर महेंद्रगढ़ की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक खाली प्लॉट में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान प्लॉट में 12 प्लास्टिक कट्टे मिले। इनमें अलग-अलग प्रकार के पटाखे भरे हुए थे। पुलिस ने सभी कट्टों की जांच कर पटाखों का वजन कराया, जिसमें कुल वजन करीब 158 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्लॉट में रखे पटाखे महेंद्रगढ़ निवासी राहुल के थे। इसके बाद थाना शहर महेंद्रगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पटाखों की खरीद और भंडारण से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे कहां भेजा जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला