नारनौल: बंद वर्कशॉप में लगी आग, छह गाड़ियां जलीं
नारनौल, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली की शाम परिवार के साथ पूजा-पाठ करने के बाद वर्कशॉप बंद करके घर लौटे संचालकों को कुछ देर बाद गैराज में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी।
सिंघाना रोड स्थित गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशॉप में लगी आग ने वहां खड़ी छह से सात गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से वाहन और गैराज में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वर्कशॉप संचालक सोमेश सैनी के अनुसार, दीपावली के दिन गैराज में करीब 11 से 12 गाड़ियां खड़ी थीं। इनमें महिंद्रा, मारुति, टाटा और टोयोटा सहित विभिन्न कंपनियों के वाहन शामिल थे। आग तेजी से फैलने लगी तो आसपास के लोगों ने गाड़ियों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान करीब सात गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह से सात गाड़ियां आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
आग से महिंद्रा बोलेरो, टाटा टियागो, मारुति अर्टिगा, वैगनआर और दो स्विफ्ट डिजायर सहित कई वाहन बुरी तरह जल गए। वाहनों के अलावा वर्कशॉप में रखा अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने की सूचना मिलने के बाद नारनौल और महेंद्रगढ़ से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
पूजा के समय सब सामान्य था, आग के कारणों पर सवाल
संचालकों के अनुसार, शाम को पूजा-पाठ के बाद जब वे वर्कशॉप बंद करके घर गए थे, उस समय सब कुछ सामान्य था। ऐसे में बंद गैराज में आग कैसे लगी, यह सवाल बना हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला