नारनौल में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार
पीसीपीएनडीटी टीम ने फर्जी ग्राहक बनाकर की कार्रवाई, राजस्थान निवासी आरोपी पकड़ा
नारनाैल, 22 मई (हि.स.)। नारनौल में जिला समुचित प्राधिकरण पीसीपीएनडीटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई डिप्टी सिविल सर्जन डॉ हर्ष चौहान के नेतृत्व में की गई।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ हर्ष चौहान ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को पीसीपीएनडीटी टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तुरंत जाल बिछाया और एक गर्भवती महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर आरोपी से संपर्क कराया।
आरोपी ने भ्रूण लिंग जांच के बदले 35 हजार रुपये की मांग की। तय योजना के अनुसार गर्भवती महिला को आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा गया। जांच के दौरान जिला झुंझुनूं (राजस्थान) निवासी आरोपी धंतर महिला को बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच की गई।
जांच पूरी होने के बाद आरोपी ने इशारों में गर्भ में पल रहे शिशु के लड़का होने की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद पहले से मौके पर तैनात पीसीपीएनडीटी टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव गोद के पास नेशनल हाईवे-11 के नीचे फ्लाईओवर के निकट आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया। टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला