नारनौल कॉलेज की छात्राओं ने विवि स्तर पर दिखाई प्रतिभा

 


वंशिका चौधरी ने 8.87 एसजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान पाया

नारनाैल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर द्वारा घोषित एमए इतिहास द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। महाविद्यालय की छात्राओं ने टॉप-10 यूनिवर्सिटी पोजीशन में प्रथम स्थान सहित कुल पांच स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्राओं ने प्रथम, छठी, सातवीं, आठवीं और नौवीं यूनिवर्सिटी पोजीशन प्राप्त की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने गुरुवार को बताया कि विश्वविद्यालय की टॉपर सूची के अनुसार वंशिका चौधरी ने 8.87 एसजीपीए प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। शानवी ने 8.53 एसजीपीए के साथ छठा स्थान प्राप्त किया। मुस्कान ने 8.47 एसजीपीए के साथ सातवां, साक्षी ने 8.47 एसजीपीए के साथ आठवां तथा रिंकु ने 8.33 एसजीपीए के साथ नौवां स्थान हासिल किया।

एमए इतिहास की अधिकांश छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं। प्राचार्य डॉ. अमित चौधरी ने सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर मिली यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अथक प्रयासों की भी सराहना की।

प्राचार्य-कम-डीएचईओ महेंद्रगढ़ डॉ. अमित चौधरी ने इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार और विभाग के सभी शिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं का लगातार विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इससे पहले एमए इतिहास प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में भी महाविद्यालय की छात्राओं ने टॉप-10 में पांच यूनिवर्सिटी पोजीशन हासिल की थीं। इस माैके पर उप-प्राचार्य प्रो. आरपी सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला