नारनौल में मिला महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

 


नारनाैल, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव नोलायजा के समीप बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

प्रारंभिक जांच में शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार महिला ने लोअर और टी-शर्ट पहन रखी थी। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों के संबंध में कोई सुराग मिल सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला की मौत घटनास्थल पर हुई या शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया।

महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों और जिलों में सूचना प्रसारित की गई है। इसके अलावा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला