नारनौल: खेत में सो रहे प्रवासी मजदूर की मौत

 


बाजरे की कटाई के लिए 17 दिन पहले आया था, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

नारनाैल, 20 सितंबर (हि.स.)। नारनौल में बाजरे की कटाई का काम करने आए उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की खेत में सोते समय अचानक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह उस समय सामने आई, जब उसके साथियों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले मेवालाल (45) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मेवालाल करीब 17 दिन पहले मजदूरी करने के लिए महेंद्रगढ़ जिले में आया था। वह गांव भूंगारका निवासी किसान राजेंद्र के खेत में बाजरे की कटाई का काम कर रहा था। शनिवार रात को दिनभर काम करने के बाद मेवालाल ने खेत में बने ट्यूबवेल पर अपने अन्य साथियों के साथ खाना खाया। खाना खाने के बाद सभी मजदूर वहीं सो गए।

बताया जा रहा है कि रात के दौरान सोते समय मेवालाल की अचानक मौत हो गई। रविवार सुबह जब उसके साथियों की नींद खुली तो उन्होंने मेवालाल को जगाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद जब उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो साथियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साथियों तथा खेत मालिक से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से मेवालाल के शव को नारनौल के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मेवालाल की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ कर रही है। अचानक हुई मौत से उसके साथ काम कर रहे मजदूरों में भी चिंता का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला