नारनाैल में फेसबुक विज्ञापन देखकर कारोबारी ने गंवाए डेढ़ लाख
सोलर स्ट्रक्चर खरीदने के नाम पर ठगी, साइबर थाना नारनौल ने दर्ज किया केस
नारनाैल, 08 सितंबर (हि.स.)। नारनौल में फेसबुक पर सोलर स्ट्रक्चर का विज्ञापन देखकर एक कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी ने विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सोलर स्ट्रक्चर का ऑर्डर किया था। इसके बाद आरोपी ने टैक्स इनवॉइस भेजकर उससे अग्रिम राशि के नाम पर डेढ़ लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना नारनौल पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गांव गहली निवासी विकास पुत्र सतबीर एमंडी सोलर नाम से सोलर स्ट्रक्चर का कारोबार करता है। उसने तीन सितंबर को फेसबुक पर सोलर स्ट्रक्चर का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद बातचीत हुई और सामान का ऑर्डर दिया गया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने एक लाख 76 हजार 850 रुपये का टैक्स इनवॉइस भेजा और एक लाख 50 हजार रुपये अग्रिम जमा कराने को कहा। विकास ने बताए गए इंडसइंड बैंक खाते में ऑनलाइन डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप पर बिल भेज दिया, लेकिन बिल्टी और वाहन नंबर मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। शक होने पर पीड़ित ने तुरंत 1930 पर शिकायत की।
पंचकूला साइबर क्राइम थाना ने एनसीआरपी शिकायत के आधार पर ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला साइबर थाना नारनौल को भेजा। जांच में प्रथम दृष्टया साइबर धोखाधड़ी मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान और राशि रिकवरी के प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला